महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में एक माँ ने आधी रात को अपनी 19 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। बेटी रात को अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ भागने की फिराक में थी। ब्वॉयफ्रेंड दूसरी जाति का है।
यह वारदात उल्हासनगर के कैंप-1 स्थित भैय्यासाहेब आंबेडकर नगर में हुई। मृतका की पहचान अमृता गरुड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अमृता गरुड़ का उसी इलाके में रहने वाले दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसका उसकी मां आशा गरुड़ विरोध करती थी।
रविवार देर रात करीब 1:30 बजे इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि विवाद के बाद जब अमृता गरुड़ घर छोड़कर जाने की तैयारी कर रही थी, तभी गुस्से में आकर आशा गरुड़ ने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद अमृता गरुड़ के पिता स्वयं उल्हासनगर पुलिस थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मां आशा गरुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आशा गरुड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
