अफेयर का राज खोलने की धमकी देकर कारोबारी से मांगे 5 लाख रुपये

 

विवाहेतर संबंध का राज परिवार और पड़ोसियों के सामने खोलने की धमकी देकर 46 वर्षीय कारोबारी से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गांवदेवी पुलिस ने 36 वर्षीय विजय बिरहमभोले को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, कारोबारी भूलाभाई देसाई रोड का रहने वाला है और सैनिटरीवेयर का आयात करता है। आरोपी ने 9 सितंबर को उसे मैसेज कर धमकी दी कि अगर 5 लाख रुपये नहीं दिए तो वह उसके परिवार और बिल्डिंग के लोगों को 25 वर्षीय महिला के साथ उसके कथित संबंधों के बारे में बता देगा।

आरोपी ने कारोबारी को और डराने के लिए उसकी पत्नी और मां से संपर्क किया। हालांकि, उनसे बातचीत करने के बजाय उसने कारोबारी की कॉल हिस्ट्री का स्क्रीनशॉट और उससे जुड़े कुछ फोन नंबर साझा किए।

इसके बाद कारोबारी ने आरोपी से रकम कम करने की बातचीत की। विजय बिरहमभोले 3 लाख रुपये तुरंत और 2 लाख गणेश रुपये गणेश उत्सव के बाद लेने पर तैयार हो गया। कारोबारी ने उसे 15 हजार रुपये दे भी दिए। हालांकि, इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा दी।

गांवदेवी पुलिस के अनुसार, विजय बिरहमभोले पहले भी घाटकोपर पुलिस द्वारा एक लापता बच्चे के परिवार से फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामले और मौजूदा रंगदारी मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment