लालबागचा राजा उत्सव में चोरी करनेवाले इंदौर के दो युवक गिरफ्तार

 

मुंबई के लालबाग में गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन चोरी करने के दो आरोपियों को कालाचौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि एक सुरक्षा गार्ड का मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के बाद दोनों भागने की कोशिश कर रहे थे तभी श्रद्धालुओं ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी आरिफ गुर्जर (24) और सोमनाथ राठौड़ (23) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार लालबाग निवासी वर्षा विश्वनाथ फोपले (67) 14 सितंबर को सुबह करीब 10.15 बजे डॉ. बी.ए. रोड पर कुबल मसाला के पास दर्शन की कतार में खड़ी थीं। करीब 11 बजे भीड़ के बीच साड़ी ठीक करते समय उन्हें पता चला कि उनके गले से 10 ग्राम का सोने का हार, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये थी, गायब है। इलाके में तलाश करने के बाद भी हार नहीं मिला। इसके बाद फोपले अपनी पोती कस्तूरी के साथ कालाचौकी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

इसी दौरान सायन-कोलीवाड़ा निवासी धनंजय विष्णु बालसराफ (49) ने भी पुलिस से शिकायत की कि उसी दर्शन कतार में खड़े रहने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी 13 ग्राम की सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये थी, चोरी कर ली।

दोपहर करीब 1.30 बजे एक अन्य घटना में मालाड में काम करने वाले सुरक्षा गार्ड माइकल बाबू नाडर (28) दर्शन की कतार में खड़े थे। इसी दौरान दो संदिग्धों ने कथित तौर पर उनकी जेब से 25 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद निकाल लिए।

माइकल नाडर को तुरंत सामान गायब होने का पता चला और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। दोनों संदिग्ध कथित तौर पर भागने लगे लेकिन श्रद्धालुओं ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। भीड़ ने दोनों के साथ मारपीट भी की। इसी दौरान सादे कपड़ों में इलाके में गश्त कर रहे कालाचौकी पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों को हिरासत में ले लिया।

इस बीच 14 सितंबर की शाम गणेश गली स्थित मुंबईचा राजा के दर्शन के दौरान एक अन्य महिला की करीब 2 लाख रुपये कीमत की 25 ग्राम की सोने की चेन चोरी होने की शिकायत सामने आई। माटुंगा ईस्ट निवासी गृहिणी आरती अशोक कवले (60) ने बताया कि वह 15 सितम्बर की शाम करीब 7 बजे परिवार के साथ गणेश गली पहुंची थीं। शाम करीब 7.20 से 7.30 बजे के बीच डॉ. बी.ए. रोड पर गरुड़ प्रतिमा के पास मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर जाते समय वह साड़ी ठीक कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके गले में पहनी सोने की चेन गायब है। उन्होंने आसपास तलाश की कि कहीं चेन गिर तो नहीं गई। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों को भी इसकी जानकारी दी। पुलिस की मदद से इलाके में तलाश की गई, लेकिन चेन नहीं मिली। चेन पुरानी और इस्तेमाल की हुई थी। इसमें सोने के मोती लगे थे और इसका वजन करीब 25 ग्राम था। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे गणेशोत्सव के दौरान इलाके में सामने आई चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल हैं या नहीं।

Leave a Comment