मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मास्टरमाइंड अनिल पंडित की साली सुनेहा पंडित को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। सुनेहा पंडित की गिरफ्तारी के दौरान अनिल पंडित का भाई पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, सुनेहा पंडित उस वित्तीय नेटवर्क का हिस्सा थी, जिसके जरिए गिरफ्तार आरोपियों तक पैसे पहुंचाए जाते थे। जांचकर्ता अब यह पता लगा रहे हैं कि उसने कितनी रकम ट्रांसफर की थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुनेहा ने आरोपी अमर मुंडेलिया के बैंक खाते में कुछ रकम ट्रांसफर की थी।
फायरिंग की घटना के बाद बिश्नोई गैंग की ओर से कई हाई-प्रोफाइल लोगों को धमकियां भेजे जाने की भी बात सामने आई है। पुलिस इन धमकियों की भी जांच कर रही है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंगस्टर थीम वाले गाने और विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का लालच देकर युवाओं को संगठित अपराध की दुनिया में शामिल कर रहा है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की हालिया चार्जशीट और पूछताछ के रिकॉर्ड की जांच से खुलासा हुआ है कि किस तरह कमजोर आर्थिक स्थिति वाले युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर गैंग में भर्ती किया जाता है और बाद में उन्हें आपराधिक गतिविधियों में धकेल दिया जाता है।
इनमें से कई आरोपी 18 से 24 वर्ष की उम्र के हैं। आरोप है कि गंभीर अपराधों में शामिल होने के बावजूद गैंग की ओर से उन्हें बहुत कम या बिल्कुल भी पैसे नहीं दिए गए। पुलिस हिरासत के दौरान कुछ आरोपी भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि उनके बुजुर्ग माता-पिता आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
इस गैंग का नाम कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आ चुका है। इनमें 2024 में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग, उसी साल महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, इस साल फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग और हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान फायरिंग मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 27, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में 12 और टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
