मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी के लिए BSF को भूमि हस्तांतरण की मंजूरी दी

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार (11 मई 2026) को अपनी पहली कैबिनेट बैठक का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार के 6 महत्वपूर्ण फैसलों का ऐलान किया। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा- बंगाल में पहली बार बिना किसी जानमाल के खतरे से मुक्त और बिना किसी धमकी के चुनाव संपन्न हुए। हम जनता और इलेक्शन कमीशन के आभारी हैं। साथ ही, हम कार्यकर्ताओं, CAPF, पर्यवेक्षकों, पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस को भी धन्यवाद देते हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल में बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी से लेकर रोजगार तक 6 महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की।

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में बांग्लादेश से लगी सीमा पर बाड़बंदी के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 600 एकड़ जमीन हस्तांतरण की मंजूरी दे दी। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी और 45 दिन के अंदर पूरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना और कई अन्य योजनाएं लागू करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा- पश्चिम बंगाल सरकार ने बांग्लादेश के साथ सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी। प्रक्रिया आज से शुरू होकर 45 दिन के अंदर पूरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने स्कूलों में नौकरी के आवेदकों की आयु सीमा में पांच साल की बढ़ोतरी के एक प्रस्ताव को भी मंजूर कर लिया जैसा कि चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वादा किया था।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल में भारतीय न्याय संहिता (BNS) को तत्काल लागू करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने BNS को लागू नहीं किया था। इसे आज से अपनाया जा रहा है।

Leave a Comment