ऐश्वर्य ठाकरे
दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के 30 वर्षीय पोते ऐश्वर्य ठाकरे ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गए। उनके बैंक खाते से 19,638 रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में ओशिवरा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है।
ऐश्वर्य ठाकरे अभिनेता हैं और अपनी 66 वर्षीय मां स्मिता ठाकरे तथा 90 वर्षीय दादी कुंदा चित्रे के साथ रहते हैं।
पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्य ठाकरे ने दावा किया है कि उन्होंने न तो किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया था और न ही किसी अनजान नंबर से आए मैसेज का जवाब दिया था। इसके बावजूद उनके बैंक खाते से रकम निकाल ली गई।
FIR के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात करीब 1.30 बजे ऐश्वर्य ठाकरे के मोबाइल पर बैंक की ओर से एक नोटिफिकेशन आया, जिसमें बताया गया कि उनके खाते से 307 रुपये डेबिट हुए हैं। इसके बाद रात 1.38 बजे एक और नोटिफिकेशन आया, जिसमें 15,511 रुपये निकाले जाने की जानकारी दी गई। कुछ ही देर बाद उन्हें रकम कटने का एक और अलर्ट मिला। रात 1.30 बजे से 1.40 बजे के बीच उनके खाते से कुल 19,638 रुपये निकाल लिए गए।
ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने का एहसास होने पर ऐश्वर्य ठाकरे ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने 30 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया।
