टिटवाला में प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता और भाई को मारी गोली

 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के टिटवाला में प्रॉपर्टी विवाद में एक बेटे ने अपने पिता और भाई को गोली मार दी। पुलिस ने बेटे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान कल्पेश शेलार के रूप में हुई है। वह टिटवाला के गुरवली पाड़ा में रहता है। इसी मामले में कल्पेश शेलार की 32 वर्षीय पत्नी रसिका शेलार को भी गिरफ्तार किया है। गोलीबारी के दौरान रसिका शेलार अपने पति के साथ मौजूद थी और पर उसने उसे रोकने की कोई कोशिश नहीं की। शेलार दंपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कल्पेश शेलार लंबे समय से अपने पिता बालाराम शेलार (55) और भाई भरत शेलार (32) से परिवार की कृषि भूमि में अपना हिस्सा मांग रहा था। वह पिछले एक साल से भी अधिक समय से उनसे अलग रह रहा था। 10 नवम्बर 2026 की रात करीब 10.30 बजे कल्पेश शेलार अपने पिता के घर पहुंचा। उस समय उसका भाई भी वहां मौजूद था। कल्पेश शेलार ने दोनों को गोली मार दी। एक गोली उसके पिता के पेट में लगी, जबकि दूसरी गोली भाई के कंधे में जा लगी।

गोली चलने की आवाज और दोनों भाइयों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर की ओर दौड़े। वहां उन्होंने दोनों घायलों को जमीन पर पड़ा देखा। पड़ोसियों ने कल्पेश शेलार को मौके से भागते हुए भी देखा। इसके बाद वे दोनों घायलों को डोंबिवली के ज्यूपिटर अस्पताल ले गए, जहां उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती कराया गया। दोनों खतरे से बाहर हैं।

कल्याण तालुका (टिटवाला) पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय पोरे ने मीडिया को बताया कि पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कल्पेश शेलार ने हथियार कहां से हासिल किया था। धनंजय पोरे के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ पहले लूटपाट का एक मामला दर्ज है।

Leave a Comment