नाव खरीद-फरोख्त में गोवा के व्यक्ति ने मुंबई के व्यापारी से की ठगी

 

मुंबई के पश्चिमी उपनगर बोरीवली पुलिस ने गुरुवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर एक व्यापारी से 1.48 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। आरोपी ने एक खाड़ी देश की कंपनी के लिए यात्री नाव खरीदने में निवेश पर अधिक रिटर्न दिलाने का झांसा देकर यह रकम हड़पी थी।

आरोपी की पहचान संजय सुभाष नाइक के रूप में हुई है। सुभाष नाइक गोवा का रहने वाला है। उसके खिलाफ पिछले महीने मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।

शिकायतकर्ता तारिक पठान मुंबई के पश्चिमी उपनगर बोरीवली में रहते हैं और शिपिंग का व्यवसाय करते हैं। दक्षिण गोवा के सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित जुवारिनगर निवासी संजय नाइक की मुलाकात तारिक पठान से अक्टूबर 2025 में हुई थी।

आरोप है कि संजय नाइक ने तारिक पठान को बताया था कि वह संयुक्त अरब अमीरात में अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के लिए एक यात्री नाव की खरीद की व्यवस्था कर रहा है। उसने इस सौदे में अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर तारिक पठान को निवेश के लिए राजी कर लिया।

पुलिस के अनुसार, तारिक पठान ने शुरुआत में 23 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच संजय नाइक ने उन्हें और पैसा लगाने के लिए राजी किया और कुल निवेश बढ़कर 1.48 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि आरोपी न तो कोई कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर पाया और न ही नाव खरीदी, बल्कि कथित तौर पर पैसे का गबन कर लिया।

जब संजय नाइक ने तारिक पठान का फोन उठाना बंद कर दिया और निवेश की रकम भी वापस नहीं की, तो तारिक पठान ने बोरीवली पुलिस में संजय नाइक के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी की FIR दर्ज करा दी।

पुलिस की एक विशेष टीम ने संजय नाइक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Comment