मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को मिलेगा दादासाहेब फाल्के अवार्ड

 

प्रसिद्ध मलियाली अभिनेता मोहनलाल को केंद्र सरकार ने सर्वोच्च सिनेमा सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2023’ से सम्मानित करने की शनिवार को घोषणा की। मोहनलाल अभिनेता होने के साथ-साथ निर्देशक और निर्माता भी हैं। 65 वर्षीय मोहनलाल को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में 23 सितंबर को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता को भारतीय सिनेमा में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है। मोहनलाल ने चार दशक से अधिक के करियर में मलयालम, तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ में 350 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। मंत्रालय ने कहा कि प्रतिष्ठित पुरस्कार की चयन समिति की सिफारिश पर, भारत सरकार ने मोहनलाल को ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ 2023 से सम्मानित करने का फैसला किया है। इसने कहा कि मोहनलाल का सिनेमाई सफर बेहतरीन रहा है जो पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

मोहनलाल ने अपने सिनेमाई करियर की शुरुआत साल 1980 में ‘मंजिल विरिंजा पूक्कल’ फिल्म से की थी। यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, लेकिन मोहनलाल ने इसमें विलेन की भूमिका निभाई थी। अभिनेता को इस रोल के लिए उन्हें काफी सराहना मिली। इसके बाद उन्होंने कॉमेडी, एक्शन जैसी फिल्मों में भी शानदार एक्टिंग की। अभिनेता ने ‘थनमथ्रा’, ‘दृश्यम’, ‘वानप्रस्थम’, ‘मुन्थिरिवल्लिकल थलिर्ककुम्बोल’ और ‘पुलीमुरुगन’ ‘राजाविंते माकन’, ‘कीरीदम’, ‘भारतम’, ‘विरस्म’, और ‘वंशम’ और जैसी फिल्में की, जिसने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। मोहनलाल ने आज 45 साल के करियर में 400 से अधिक फिल्में कर ली हैं, जो एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है।

मोहनलाल को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए 2 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 9 केरल राज्य पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। मोहनलाल को कला में उनके योगदान के लिए 2001 में ‘पद्म श्री’ और 2019 में ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया गया। मोहनलाल के पहले सत्यजीत रे, दिलीप कुमार, राज कपूर, देवानंद, लता मंगेशकर, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत सहित प्रमुख निर्देशकों, अभिनेताओं, गायकों आदि को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

Leave a Comment