डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, नरेंद्र मोदी को बताया महान व्यक्ति

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दीवाली मनाई। ट्रंप ने अपने दीपावली संदेश में इसे अंधकार पर प्रकाश की, अज्ञान पर ज्ञान की और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महान व्यक्ति भी बताया।

दिवाली के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मैं भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैंने आज ही आपके प्रधानमंत्री से बात की। बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने व्यापार के बारे में बात की…उनकी इसमें बहुत रुचि है। हालांकि, कुछ समय पहले हमने इस बारे में बात की थी कि पाकिस्तान के साथ कोई युद्ध नहीं होना चाहिए। व्यापार के बारे में बात करने के कारण, मैं इस बारे में बात कर पाया। वह एक महान व्यक्ति हैं और वर्षों से वह मेरे बहुत अच्छे मित्र बन गए हैं। दीये की लौ की चमक हमें ज्ञान के मार्ग पर चलने, लगन से काम करने और अपने अनेक आशीर्वादों के लिए सदैव धन्यवाद देने की याद दिलाती है।”

डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत में रहने वालों और भारतीय अमेरिकियों की पर्व की बधाई दी। ट्रंप ने भारतीय अमेरिकी सदस्यों और अन्य लोगों के साथ दीया भी जलाया। एफबीआई निदेशक काश पटेल और राष्ट्रीय खुफिया निदेश तुलसी गबार्ड, अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर समेत प्रमुख हस्तियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक सप्ताह पहले भी प्रधानमंत्री मोदी से बात करने का दावा किया था। ट्रंप न कहा था कि पीएम मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि नई दिल्ली रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। उन्होंने इसे यूक्रेन युद्ध को लेकर मॉस्को को अलग-थलग करने के प्रयासों में बड़ा कदम बताया था। हालांकि, भारत ने इस बयान को खारिज करते हुए साफ किया था कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि ‘दोनों नेताओं के बीच कोई फोन कॉल नहीं हुई है।’

Leave a Comment