भारत में पाकिस्तान से आयात पर लगे प्रतिबंध को दरकिनार करने की कोशिश के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने 13 कंटेनरों से पाकिस्तान मूल के 362.75 मीट्रिक टन सूखे खजूर जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 5.66 करोड़ रुपये बताई गई है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर 2 मई 2025 से पाकिस्तान में उत्पादित या वहां से निर्यात किए गए सभी सामानों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात अथवा ट्रांजिट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।
विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने नासिक के CFS अंबड में मुंबई स्थित एक कंपनी द्वारा आयात किए गए सूखे खजूर के 13 कंटेनरों को रोका। ये खेप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के जेबेल अली से भारत पहुंची थी। आयात दस्तावेजों में सामान का मूल देश UAE घोषित किया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाकिस्तान मूल के सामान की वास्तविक उत्पत्ति छिपाने के लिए एक सुनियोजित ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था तैयार की गई थी।
DRI के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सूखे खजूर पहले पाकिस्तान के कराची बंदरगाह से जेबेल अली बंदरगाह भेजे गए थे। वहां सामान को केवल ट्रांसशिप कर दूसरे कंटेनरों में स्थानांतरित किया गया और अलग जहाज पर लादकर भारत भेज दिया गया। यह पूरी प्रक्रिया पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा संचालित संस्थाओं के माध्यम से की गई।
अधिकारी के अनुसार, DRI ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत लगातार उन पाकिस्तान मूल के सामानों की पहचान कर रही है, जिन्हें तीसरे देशों के रास्ते भारत में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह जब्ती गलत घोषणा, ट्रांसशिपमेंट और दस्तावेजों में हेरफेर के जरिए व्यापार प्रतिबंधों को दरकिनार करने वाले संगठित नेटवर्क की पहचान कर उन्हें रोकने और ध्वस्त करने के DRI के प्रयासों को दर्शाती है।
