‘घर में रुपयों की बारिश होगी, गुप्तधन निकलेगा, बीमारी भी ठीक होगी’ के नाम पर महिला से ठगी, पांच भोंदू बाबाओं के खिलाफ FIR दर्ज

 

यह घटना महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर की है। बीमारी ठीक करने, घर में दबा गुप्तधन निकालने और घर में रुपयों की बारिश करने का लालच देकर एक महिला से 4 लाख रुपये और 6 तोले सोने का आभूषण ठगने के आरोप में हिललाइन पुलिस ने पांच भोंदू बाबाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। भोंदूबाबाओं द्वारा घर में की गई अघोरी पूजा का पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

FIR के मुताबिक उल्हासनगर कैंप-5 इलाके में रहने वाली पीड़ित महिला बीमार रहती थी। उसे शक था कि वह जिन देवताओं की पूजा करती है उनकी सवारी उस पर आती है। वह अपनी सहेली गीता जाधव के मार्फ़त जनवरी 2026 में पम्मी गुरु, बब्बी गुरु और गणेश पवार से मिली। तीनों ने पीड़ित को बताया कि उसके घर में येलम्मा देवी की पूजा करनी पड़ेगी। इससे उसके ऊपर भूत-प्रेत का साया उतर जायेगा, घर में रुपयों की बारिश होगी, घर में देवघर के नीचे गड़ा गुप्त धन निकलेगा और सारी बीमारी दूर हो जाएगी। आरोपियों ने बताया था कि अगर वह नग्न होकर पूजा करेगी तो घर में रुपयों की बारिश होगी। पीड़ित ने नग्न होकर पूजा करने से मना कर दिया।

पीड़ित ने आरोपियों से अघोरी पूजा करवा ली। इसके बदले आरोपियों ने उससे 4 लाख रुपये नकद और 6 तोले सोने का आभूषण ले लिया। परन्तु पूजा के बाद भी न तो कोई गुप्तधन मिला, न रुपयों की बारिश हुई और न ही महिला की बीमारी दूर हुई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने आरोपियों अपने रुपये और गहने वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। यह भी हिदायत दी कि उसके देवघर के नीचे जो अघोरी पूजा की है उसे यदि खोला तो उसके पति की मौत हो जाएगी।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित महिला हिललाइन पुलिस स्टेशन FIR करने गयी। पुलिस ने उसे भगा दिया। चूँकि घर में CCTV कैमरे में आरोपियों की हरकत कैद हो गयी थी तो पीड़ित ने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने BNS-2023 की धारा- 3(2), 3(5), 318(4) और 351 के तहत पांच लोगों के खिलाफ FIR (नंबर-439/2026) दर्ज की। आरोपियों के नाम पम्मी गुरु, बब्बी गुरु, गणेश पवार, गीता जाधव और तुकाराम पाटिल हैं।

Leave a Comment