CBI ने रिलायंस कम्युनिकेशन्स के मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरू ऑफिस में छापेमारी की

 

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिलायंस कम्युनिकेशन्स से जुड़े एक मामले में गुरुवार को सात ठिकानों पर छापेमारी की। यह मामला Reliance ADA Group की कंपनियों में से एक रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खिलाफ दर्ज किया गया है। यह छापेमारी मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरू में हुई। छापेमारी कंपनी के तत्कालीन CEO, CFO और उन निदेशकों के आवासों पर की गई, जिन्होंने वर्ष 2015 से 2017 के दौरान कंपनी में कार्य किया था।

CBI के अनुसार यह कार्रवाई 14 मई 2026 को मुंबई स्थित सीबीआई मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं और मामले की आगे जांच जारी है।

CBI ने पिछले कुछ महीनों में अनिल अम्बानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के खिलाफ सात मामले दर्ज किए हैं। ये मामले विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और Life Insurance Corporation of India (LIC) की शिकायतों के आधार पर दर्ज किए गए, जिनमें हजारों करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप है। इन मामलों में कुल कथित नुकसान 27,337 करोड़ रुपये बताया गया है।

एजेंसी इससे पहले भी इन मामलों के दर्ज होने के बाद पिछले कुछ महीनों में 31 स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। डी. विश्वनाथ जो समूह के बैंकिंग संचालन के समग्र प्रभारी थे, और अनिल काल्या, जिन्होंने बैंकिंग संचालन और फंड के उपयोग/भुगतान प्रबंधन में सक्रिय सहयोग दिया था, को 20 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

Leave a Comment