FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे का आदेश- विक्रेता अब वड़ा-पाव अखबार में लपेटकर न बेचें

 

खाद्य विक्रेता, पनीर विक्रेता, दवा विक्रेता, गुटखा और पान मसाला बेचने वाले अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के नए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निशाने पर हैं। IAS तुकाराम मुंढे का नया आदेश है कि वड़ा-पाव विक्रेता अब अखबार में लपेटकर वड़ा-पाव न बेचें। हालांकि इस आशय का कानून पहले से ही लागू है लेकिन तुकाराम मुंढे ने इसे सख्ती से पालन करने का आदेश दिया है।

बता दें कि अखबार की छपाई में उपयोग होने वाली स्याही में सीसा (लेड), जिंक और कैडमियम जैसे तत्व होते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। इसी कारण FDA ने खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर बेचने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। अब वड़ा-पाव, भजी-पाव, समोसा और सैंडविच जैसे खाद्य पदार्थों को बटर पेपर या सिल्वर फॉइल में देना होगा।

FDA के संयुक्त आयुक्त (खाद्य) महेश चौधरी के अनुसार राज्य में FDA द्वारा प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और इसी प्रकार के खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। 1 से 5 जून 2026 के बीच की गई कार्रवाई में कुल 192 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पांच दिनों में राज्यभर में 195 छापे मारे गए, जिनमें 1 करोड़ 99 लाख 18 हजार 475 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया है।

अवैध उत्पादन, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए FDA द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 223, 274, 275 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26, 27, 30(2)(A) और धारा 59 के तहत मामले दर्ज कर आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशानुसार प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 3 जून 2026 को धुले जिले के सोनगीर में मारे गए छापे में 23 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया।

4 जून 2026 को समृद्धि महामार्ग पर सावंगी टोल नाके पर की गई कार्रवाई में 60 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल और एक वाहन जब्त किया गया। वहीं नांदेड़ में की गई कार्रवाई में 17 लाख 52 हजार 450 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल और वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा, पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 6 लाख 19 हजार 982 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त कर छह लोगों के खिलाफ चिखली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

5 जून 2026 को धाराशिव जिले के परांडा तहसील में प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का भंडार होने के संदेह पर की गई कार्रवाई में 1 करोड़ 2 लाख 67 हजार 263 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

बृहन्मुंबई क्षेत्र में 30 छापों के दौरान 3 लाख 12 हजार रुपये का माल जब्त कर 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुणे क्षेत्र में 79 छापों के दौरान 8 लाख 19 हजार रुपये का माल जब्त किया गया और 78 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Leave a Comment