सांकेतिक तस्वीर
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण की एक निजी पशु कल्याण गैर-सरकारी संस्था (NGO) ‘जेनिस स्मिथ एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट’ के खिलाफ लावारिश कुत्तों की हत्या की FIR दर्ज की है। NGO पर आरोप है कि उसने पांच आवारा कुत्तों की बेरहमी से हत्या करने और बाद में उनके शवों को स्थानीय नाले में फेंक दिया।
ठाणे शहर के बाजारपेठ पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, 13 मई की रात APMC मार्केट की डायमंड बिल्डिंग के पास बहने वाले एक सीवेज नाले से कम से कम पांच आवारा कुत्तों के शव बरामद किए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार इन कुत्तों को टीकाकरण और नसबंदी के लिए पतरी पुलिस स्थित सर्वोदय मॉल के सामने मौजूद जेनिस स्मिथ एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट में रखा गया था, लेकिन कथित रूप से उचित देखभाल न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।
FIR में बताया गया है कि कुत्तों को सही तरीके से दफनाने या उनका दाह संस्कार करने के बजाय ट्रस्ट ने शवों को प्लास्टिक बैग में भरकर नाले में फेंक दिया। FIR में कहा गया है कि उस रात ट्रस्ट परिसर के अंदर एक मादा कुत्ते का शव मिला था, जबकि अगली सुबह दमकल विभाग ने पानी से चार सड़े-गले बैग बाहर निकाले। इनमें से दो मादा और तीन नर कुत्तों सहित कुल पांच कुत्तों के शव बरामद हुए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए मनपा के पशु चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस ने NGO शेल्टर के ठेकेदार और प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने लाए गए आवारा कुत्तों की उचित देखभाल नहीं की।
